पुलिस जांच में खुलासा: हाईकोर्ट चीफ जस्टिस को निशाना बनाना नहीं, पीड़ित परिवार को डराना था मकसद
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की तस्वीर रखकर श्मशान घाट में कथित तंत्र साधना किए जाने के मामले में पुलिस जांच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती तौर पर घटना को चीफ जस्टिस को निशाना बनाकर की गई तांत्रिक क्रिया माना जा रहा था, लेकिन जांच में मामला कुछ और ही सामने आया।
चाकूबाजी मामले से जुड़ा है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, कथित तंत्र साधना का उद्देश्य चीफ जस्टिस को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि चाकूबाजी के एक मामले में पीड़ित परिवार को डराना और उस पर दबाव बनाना था। इसी मकसद से श्मशान घाट में कथित तांत्रिक गतिविधि किए जाने की बात सामने आई है।
नागपुर से तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ शुरू कर दी है।
एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ा था
वहीं, मामले में एक अन्य आरोपी को ग्रामीणों ने श्मशान घाट में ही पकड़ लिया था। इसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
पुलिस जांच में सामने आई नई वजह
चीफ जस्टिस की तस्वीर मिलने के कारण यह मामला बेहद गंभीर और संवेदनशील माना जा रहा था। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में तंत्र साधना के पीछे का मकसद पीड़ित परिवार को भयभीत करना और दबाव में लाना बताया जा रहा है। पुलिस मामले में आरोपियों की भूमिका और घटना के पीछे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।








