स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं दोनों, वापस नहीं लौटने पर मचा हड़कंप
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली दो नाबालिग छात्राओं के एक साथ लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों छात्राएं स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन स्कूल की छुट्टी के बाद घर वापस नहीं पहुंचीं। काफी देर तक इंतजार के बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
रिश्तेदारों और सहेलियों से भी की पूछताछ
परिजनों ने दोनों छात्राओं की तलाश के लिए रिश्तेदारों, परिचितों और उनकी सहेलियों से संपर्क किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद परिजन कोनी थाना पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
अपहरण की आशंका, पुलिस से जल्द तलाश की मांग
परिजनों ने दोनों छात्राओं के एक साथ गायब होने को लेकर अपहरण की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से छात्राओं की जल्द तलाश कर उन्हें सुरक्षित वापस लाने की मांग की है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और छात्राओं की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है।








