पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप, पुलिस के मुताबिक फावड़े के बेंट से सिर पर हमला कर की हत्या
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक जघन्य अपराध सामने आया है। चंदनू थाना क्षेत्र में 50 वर्षीय दुकलिहिन बाई बंजारे की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।

पुलिस के अनुसार, गांव के ही 42 वर्षीय रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली ने कथित तौर पर महिला की हत्या करने के बाद शव के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए शव के हाथ-पैर काटकर अलग-अलग गठरियों में बांधकर शिवनाथ नदी में फेंक दिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

महिला के विरोध करने पर सिर पर किया हमला
बेमेतरा पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के अनुसार, आरोपी और मृतका एक ही गांव के रहने वाले थे। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, 6 जुलाई की रात करीब 10 बजे दुकलिहिन बाई अपने घर में अकेली थीं। इसी दौरान आरोपी उनके घर पहुंचा। आरोप है कि आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर फावड़े के बेंट से उनके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव की पहचान छिपाने के लिए किए टुकड़े
पुलिस जांच के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव के साथ दुष्कर्म किया और फिर पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव के हाथ-पैर काट दिए। इसके बाद शव के अंगों को अलग-अलग गठरियों में बांधकर शिवनाथ नदी में फेंक दिया।
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार किया है।
पहले भी हत्या के मामले में काट चुका है सजा
पुलिस के अनुसार, आरोपी रामप्रसाद सोनवानी पहले भी हत्या के एक मामले में सजा काट चुका है। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








