अंक बढ़ाने और फेल विद्यार्थी को पास कराने के नाम पर ठगी की कोशिश, पालकों और विद्यार्थियों को सतर्क रहने की अपील
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा समाप्त हो चुकी है और वर्तमान में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य जारी है। इसी बीच बोर्ड ने विद्यार्थियों और पालकों को फर्जी फोन कॉल को लेकर सतर्क किया है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
माध्यमिक शिक्षा मंडल के मुताबिक वर्ष 2024 और 2025 में भी बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित होने के पहले और बाद में विद्यार्थियों एवं पालकों को फर्जी फोन कॉल आने की शिकायतें मिली थीं। इन कॉल के जरिए ठगों ने परीक्षा परिणाम में सुधार करने, अंक बढ़ाने अथवा अनुत्तीर्ण विद्यार्थी को उत्तीर्ण कराने का झांसा दिया था।
पास कराने के नाम पर मांगे जाते हैं पैसे
फर्जी कॉल करने वाले लोग खुद को बोर्ड या संबंधित विभाग से जुड़ा बताकर विद्यार्थियों और उनके परिजनों से अनुचित रूप से पैसे की मांग करते हैं। ऐसे कॉल के जरिए परीक्षा परिणाम को प्रभावित करने का दावा किया जाता है, जबकि इस तरह की किसी भी व्यवस्था का बोर्ड से कोई संबंध नहीं है।
माशिमं ने विद्यार्थियों-पालकों से की अपील
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने विद्यार्थियों और पालकों से अपील की है कि ऐसे किसी भी फोन कॉल के झांसे में न आएं और अंक बढ़ाने या फेल विद्यार्थी को पास कराने के नाम पर किसी को भी पैसे न दें। संदिग्ध कॉल या ठगी की कोशिश होने पर इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों और पुलिस को देने की सलाह दी गई है।







