विशेष PMLA कोर्ट में पेशी, 24 जुलाई को दोबारा अदालत में पेश करेगी जांच एजेंसी
रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई तेज हो गई है। EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग को बुधवार को रायपुर स्थित विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें 10 दिन की ED रिमांड पर भेज दिया है।

24 जुलाई को फिर होगी पेशी
अदालत के आदेश के बाद ED की टीम विकास गर्ग को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। अब जांच एजेंसी 10 दिनों तक उनसे मामले से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर पूछताछ करेगी। ED विकास गर्ग को 24 जुलाई को दोबारा अदालत के सामने पेश करेगी।

मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला नेटवर्क पर पूछताछ
जांच एजेंसी महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप नेटवर्क, कथित अवैध धन के लेन-देन, हवाला कारोबार, निवेश के स्रोत और अन्य संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाने का प्रयास करेगी।

ED ने मांगी थी 14 दिन की रिमांड
ED की ओर से अदालत में विकास गर्ग की 14 दिनों की रिमांड मांगी गई थी। हालांकि, सुनवाई के बाद कोर्ट ने 10 दिनों की रिमांड मंजूर की।

ED के विशेष लोक अभियोजक सौरभ पांडेय ने बताया कि अदालत ने विकास गर्ग को 10 दिन की ED रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है। अब एजेंसी उनसे मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अन्य पहलुओं पर विस्तृत पूछताछ करेगी।







