सड़क निर्माण में लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार, जनहित के कार्यों में ढिलाई नहीं होगी बर्दाश्त
मुंगेली। बिलासपुर संभागायुक्त सुनील कुमार जैन के एक दिवसीय मुंगेली दौरे में प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने जिला कलेक्टोरेट में अधिकारियों की बैठक लेकर शासन की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

बैठक में संभागायुक्त ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान सड़क निर्माण कार्यों में सामने आई लापरवाही पर संभागायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

संभागायुक्त ने अधिकारियों से जिले में चल रहे विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने, निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने तथा आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करना है।









