दुर्ग में दो गोदाम सील, भारी मात्रा में उर्वरक और कीटनाशक जब्त
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि आदान समय पर उपलब्ध कराने और नकली एवं अमानक उर्वरक-कीटनाशकों के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई के तहत कृषि विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में दुर्ग जिले में जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध अनुज्ञप्ति के उर्वरक और कीटनाशकों के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के मामले में दो गोदामों को सील कर भारी मात्रा में सामग्री जब्त की है।

ग्राम चिंगरी में मिली थी अवैध कारोबार की सूचना
कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में कृषि विभाग की टीम ने ग्राम चिंगरी (अंडा) स्थित चन्द्राकर किराना स्टोर्स परिसर में छापेमारी की। विभाग को सूचना मिली थी कि यहां अवैध रूप से जैव उत्प्रेरक और कीटनाशकों का निर्माण व भंडारण किया जा रहा है।

असहयोग के बाद पंचनामा बनाकर खुलवाया गया गोदाम
निरीक्षण के दौरान गोदाम बंद मिला। गोदाम के किरायेदार वरुण त्रिपाठी को मौके पर बुलाकर निरीक्षण में सहयोग करने के लिए कहा गया, लेकिन उनके असहयोगात्मक रवैये के चलते अधिकारियों ने मकान मालिक, पंचों और ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार कराया और गोदाम का ताला खुलवाकर जांच की।

भारी मात्रा में सामग्री जब्त, आगे की कार्रवाई जारी
जांच के दौरान बड़ी मात्रा में उर्वरक और कीटनाशक सामग्री बरामद की गई। कृषि विभाग ने दोनों गोदामों को सील कर जब्त सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और संबंधित प्रावधानों के तहत दोषियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









