वीडियो को बताया हंसी-मजाक, कहा- अब पति से कोई शिकायत नहीं; पुलिस कार्रवाई के बाद बदला रुख
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पत्नी से प्रताड़ना और नाबालिग बेटे से कथित रूप से ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगवाने के आरोप में गिरफ्तार वसीम मोहम्मद के मामले में नया मोड़ आ गया है। आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाली उसकी पत्नी ने अब अपनी शिकायत वापस ले ली है। महिला ने एक वीडियो जारी कर कहा कि बेटे से नारे लगवाने वाला वीडियो केवल हंसी-मजाक में बनाया गया था और अब उसे अपने पति से कोई शिकायत नहीं है।

यह मामला रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र का है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी वसीम मोहम्मद को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ और ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ के नारे भी लगवाए थे।

2021 में हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, 29 मई 2026 को कोरबा जिले की रहने वाली 35 वर्षीय महिला ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया था कि जोगीडीपा निवासी वसीम मोहम्मद (43) ने खुद को तलाकशुदा बताकर उससे संबंध बनाए और दोनों ने वर्ष 2021 में मुस्लिम रीति-रिवाज से विवाह किया।

पहली पत्नी और बच्चों की जानकारी छिपाने का आरोप
महिला का आरोप था कि शादी के समय वसीम ने अपनी पहली पत्नी और बच्चों की जानकारी छिपाई थी। बाद में उसे पता चला कि वसीम पहले से शादीशुदा है और उसने अपनी पहली पत्नी को तलाक भी नहीं दिया है। महिला ने यह भी बताया था कि वसीम के पहले से पांच बच्चे हैं, जबकि उसके स्वयं के दो बच्चे हैं।

शिकायत वापस लेने से मामले में नया मोड़
अब महिला द्वारा शिकायत वापस लेने और वीडियो को मजाक बताते हुए पति के पक्ष में बयान देने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। हालांकि, पुलिस द्वारा दर्ज किए गए अन्य आरोपों और कानूनी पहलुओं पर आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्ष और लागू कानूनों के अनुसार होगी।









