न्यू राजेंद्र नगर स्थित स्पा सेंटर को लेकर उठे सवाल, पुलिस बोली—अब तक कोई शिकायत नहीं मिली
रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि स्पा सेंटर में कोलकाता की एक युवती को कथित रूप से पैसे देकर रायपुर लाया गया और उसकी खरीद-फरोख्त की गई। मामले के सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, निजी कॉम्प्लेक्स में संचालित नूर एडिंटीफाई स्पा सेंटर की पूर्व संचालिका और वर्तमान संचालक जफर पर आरोप है कि उन्होंने करीब 20 हजार रुपये देकर युवती को रायपुर लाया। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस का बयान—कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई
न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस का कहना है कि इस संबंध में अब तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत मिलने या ठोस जानकारी सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मानव तस्करी के एंगल से जांच की मांग
मामले को लेकर यह सवाल भी उठ रहे हैं कि युवती को किन परिस्थितियों में रायपुर लाया गया और क्या इसमें मानव तस्करी या किसी संगठित गिरोह की भूमिका है। ऐसे मामलों में तथ्यों की पुष्टि और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नोट: इस मामले में लगाए गए आरोप प्रारंभिक जानकारी और मीडिया रिपोर्टों पर आधारित हैं। आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने किसी आरोपी के खिलाफ इस संबंध में आधिकारिक अपराध दर्ज होने की पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि होगी।









