सांसद ने कहा- कमिश्नरेट प्रणाली को पर्याप्त अधिकार और संसाधन देने की जरूरत, पूरे रायपुर जिले को दायरे में लाने की मांग
रायपुर। रायपुर में लागू पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बड़ा बयान दिया है। दिल्ली से लौटने के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली शुरू करने के लिए वे सरकार को धन्यवाद देते हैं, लेकिन मौजूदा व्यवस्था को अभी पर्याप्त अधिकार और संसाधन नहीं मिले हैं।
‘बिना दांत, बिना सिंग और बिना पावर’
बृजमोहन अग्रवाल ने मौजूदा पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि “जो अभी पुलिस कमिश्नरेट है, वह बिना दांत के, बिना सिंग के और बिना पावर के है।” उन्होंने संकेत दिया कि प्रभावी पुलिस कमिश्नरेट के लिए अधिकारियों को पर्याप्त अधिकार और संसाधन मिलना जरूरी है।
पूरे रायपुर जिले को कमिश्नरेट में शामिल करने की मांग
सांसद ने कहा कि उनके लोकसभा क्षेत्र में पूरा रायपुर शहर आता है, लेकिन वर्तमान पुलिस कमिश्नरेट के दायरे में पूरा रायपुर शहर भी शामिल नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पूरे रायपुर जिले को पुलिस कमिश्नर प्रणाली के दायरे में शामिल किया जाए।
अधिकार बढ़ाने पर दिया जोर
अग्रवाल ने कहा कि पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली का उद्देश्य तभी प्रभावी तरीके से पूरा हो सकता है, जब उसे पर्याप्त अधिकार, संसाधन और व्यापक क्षेत्राधिकार दिया जाए। उन्होंने सरकार से मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा कर इसे और मजबूत करने की मांग की है।







