असामाजिक तत्वों पर कसा शिकंजा, आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में हुई कार्रवाई
रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने मध्य क्षेत्र में विशेष चेकिंग एवं कॉम्बिंग अभियान चलाया। पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में असामाजिक तत्वों, आदतन अपराधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सघन कार्रवाई की गई।

संवेदनशील इलाकों में देर रात तक चला अभियान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना, अपराधियों पर निगरानी बढ़ाना और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना था। इसके तहत मध्य क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने देर रात तक सघन जांच अभियान चलाया।

चाकू लहराते युवक को पुलिस ने दबोचा
अभियान के दौरान थाना तेलीबांधा पुलिस ने देवार डेरा, लाभांडी और आसपास के संदिग्ध क्षेत्रों में विशेष जांच की। इस दौरान लाभांडी स्थित शराब दुकान के पास एक युवक सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों में भय और दहशत का माहौल बनाते हुए मिला। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चाकू बरामद किया और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

आर्म्स एक्ट, आबकारी और कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने आर्म्स एक्ट के अलावा आबकारी एक्ट, कोटपा एक्ट तथा प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कई कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।








