सिटी कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई, करीब 42 हजार रुपये की दवाएं बरामद
रायपुर। राजधानी में अवैध नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के विशेष अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने मनोत्तेजक दवा नाइट्राजेपाम (नाइट्रोसन टैबलेट) की अवैध बिक्री और परिवहन के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है।
106 नाइट्रोसन टैबलेट बरामद
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से नाइट्रोसन की कुल 106 टैबलेट बरामद की हैं। जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 42 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक महिला इन दवाओं को अवैध रूप से बेचने और परिवहन करने में शामिल थी।
वैध दस्तावेज और लाइसेंस नहीं मिला
जांच के दौरान आरोपी के पास दवाओं की बिक्री या परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज अथवा लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने दवाओं को जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी को नशीली दवाओं की सप्लाई कहां से मिलती थी और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। राजधानी में अवैध नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है।








