चरित्र पर संदेह बना हत्या की वजह, मुंह में दुपट्टा ठूंसकर गला घोंटा, फिर खेत के पानी में डुबोया
रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने युवती के चरित्र पर संदेह के चलते इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले युवती के मुंह में दुपट्टा ठूंस दिया और फिर उसी दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद यह सुनिश्चित करने के लिए कि युवती की मौत हो चुकी है, उसने उसका सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह युवती के चरित्र पर संदेह बताया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर रही है। वहीं, मामले की विस्तृत जांच जारी है।








