वीडियो में मानसिक प्रताड़ना के लगाए आरोप, परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की
रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में मैकेनिक महेश दास मानिकपुरी की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। आत्महत्या से पहले मृतक द्वारा रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। वीडियो के आधार पर परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

3 जुलाई को की थी आत्महत्या
जानकारी के अनुसार, खमतराई निवासी महेश दास मानिकपुरी ने 3 जुलाई को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिजनों ने उनका मोबाइल सुरक्षित रख लिया था। करीब नौ दिन बाद जब मोबाइल की जांच की गई, तब उसमें आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो मिला।

वीडियो में कई लोगों पर लगाए गंभीर आरोप
बताया जा रहा है कि वीडियो में महेश दास मानिकपुरी ने कुछ लोगों पर मानसिक प्रताड़ना और लगातार परेशान किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि इन्हीं परिस्थितियों के कारण उन्हें आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा। वीडियो में मृतक ने एक पुलिसकर्मी सहित कुछ अन्य लोगों के नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।

परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
वीडियो सामने आने के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और वीडियो में लगाए गए आरोपों की गंभीरता से पड़ताल कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस करेगी वीडियो की जांच
मामले में पुलिस का कहना है कि सामने आए वीडियो की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









