31 आरोपी गिरफ्तार, ACCU टीम ने सबसे ज्यादा 36 वाहन किए जब्त
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। 1 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक की गई कार्रवाई में पुलिस ने कुल 51 चोरी के वाहन बरामद किए हैं।

इस दौरान वाहन चोरी के मामलों में संलिप्त 31 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों से 36 लावारिस वाहन भी बरामद किए गए हैं।

तकनीकी साक्ष्यों से चोरों तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सभी जोन, संबंधित थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की विशेष टीम लगातार अभियान चला रही है।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली सूचनाओं और लगातार निगरानी के आधार पर वाहन चोरों तक पहुंच बनाई।

ACCU टीम ने बरामद किए 36 चोरी के वाहन
अभियान के दौरान ACCU की स्पेशल टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए 36 चोरी के वाहन बरामद किए। वहीं, संबंधित थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान 15 अन्य चोरी के वाहन जब्त किए।
आरोपियों से पूछताछ जारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी से जुड़े अन्य मामलों और आरोपियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







