मंदिर हसौद थाने के सामने हुआ हादसा, तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त; बड़ा हादसा टला
रायपुर। राजधानी रायपुर के नेशनल हाईवे-53 (NH-53) पर मंदिर हसौद थाना के ठीक सामने आज एक भीषण त्रिकोणीय सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर, रायपुर जा रही यात्री बस और पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल 112 के वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी यात्री या पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई।

थाने के सामने मुड़ रहा था डायल 112 वाहन
मिली जानकारी के अनुसार, डायल 112 की टीम पलौद मोड़ की ओर नियमित पेट्रोलिंग पूरी कर मंदिर हसौद थाने लौट रही थी। जैसे ही पुलिस वाहन थाने के सामने हाईवे से अंदर मुड़ने लगा, उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक भारी कंटेनर ने डायल 112 वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

पीछे चल रही यात्री बस भी कंटेनर से टकराई
कंटेनर की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसी दौरान कंटेनर के पीछे चल रही किरण ट्रेवल्स की यात्री बस (CG 06 HB 9519) भी अनियंत्रित होकर कंटेनर के पिछले हिस्से से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा।
डायल 112 और बस को भारी नुकसान
हादसे में डायल 112 वाहन का अगला और साइड का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन का इंजन भी नुकसानग्रस्त हुआ है। वहीं यात्री बस का फ्रंट बंपर और विंडशील्ड टूट गया।
हादसे के समय बस में यात्री सवार थे। अचानक हुई टक्कर के बाद बस में कुछ देर के लिए चीख-पुकार मच गई। वहीं कंटेनर का पिछला दरवाजा और बॉडी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।









