घर में अकेली थी 25 वर्षीय महिला, परिवार के लोग खेत में रोपा लगाने गए थे
बतौली। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम झरगंवा में बिजली करंट की चपेट में आने से करीब 25 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला घर में अकेली थी और लोहे के दरवाजे को खोलने के लिए उसे छूने पहुंची। बताया जा रहा है कि दरवाजे में घरेलू बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था।
दरवाजा छूते ही करंट की चपेट में आई
जानकारी के अनुसार ग्राम झरगंवा निवासी रतिराम पैंकरा की बेटी सलीना पैंकरा सोमवार को घर में अकेली थी। परिवार के अन्य सदस्य खेत में रोपा लगाने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान सलीना किसी काम से घर में लगे लोहे के दरवाजे के पास पहुंची। जैसे ही उसने दरवाजा खोलने के लिए उसे हाथ लगाया, वह करंट की चपेट में आ गई।
मौके पर ही हो गई मौत
करंट का झटका इतना तेज था कि सलीना की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
बिजली कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना बतौली पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लोहे के दरवाजे में बिजली का करंट कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और विद्युत व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है।








