बच्चों को घर छोड़कर लौट रहा था चालक, मानिकपुर क्षेत्र में हुआ हादसा
कोरबा। जिले के मानिकपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया। आरोप है कि शराब के नशे में स्कूल बस चला रहे चालक ने एक बुजुर्ग राहगीर को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग के सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद पुलिस ने बस को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

बच्चों को छोड़कर स्कूल लौट रहा था चालक
जानकारी के अनुसार, सेंट जेवियर स्कूल की बस क्रमांक CG 12 BM 6338 का चालक गोरे लाल बच्चों को उनके घर छोड़ने के बाद वापस स्कूल लौट रहा था। इसी दौरान मानिकपुर क्षेत्र में बस की चपेट में एक बुजुर्ग राहगीर आ गए।

बस की टक्कर से बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने बस जब्त कर शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल बस को जब्त कर लिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।








