व्यस्त बाजार में वारदात से मचा हड़कंप, पुलिस ने नाकेबंदी कर शुरू की आरोपियों की तलाश
सीतापुर। सीतापुर नगर में दिनदहाड़े हुई बड़ी उठाईगिरी की वारदात से व्यापारियों और आम लोगों में हड़कंप मच गया। नेशनल हाईवे-43 से लगे व्यस्त बाजार क्षेत्र में काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक एवं सर्राफा व्यवसायी अरुण सोनी की स्कूटी से करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग अज्ञात बदमाश लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, अरुण सोनी रोज की तरह सुबह करीब 11:30 बजे हाईस्कूल के पास स्थित अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी स्कूटी में आभूषणों से भरा बैग टांग रखा था। कुछ ही देर में अज्ञात बदमाश मौका पाकर बैग लेकर फरार हो गए। जब व्यवसायी की नजर स्कूटी पर पड़ी तो बैग गायब था, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने संभावित मार्गों पर नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।

दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात से सर्राफा व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।








