बातों में उलझाकर कपड़े की पोटली बदली, कागज का बंडल थमाकर फरार हुए ठग
बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षा का डर दिखाकर करीब 2 लाख रुपये के सोने के जेवर ठग लिए। आरोपियों ने चालाकी से महिला को बातों में उलझाया और जेवर सुरक्षित रखने का झांसा देकर उनकी जगह कागज की पोटली थमा दी। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सिंधी कॉलोनी निवासी विद्या मोटवानी (68) की कंवरराम मार्केट में कपड़ों की दुकान है। 3 अगस्त की शाम वह रोज की तरह बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उनसे बातचीत शुरू की और क्षेत्र में लूट-चोरी की घटनाओं का हवाला देते हुए उनके जेवर सुरक्षित रखने की सलाह दी।
आरोपियों ने महिला के जेवर कपड़े में बांधकर सुरक्षित रखने का नाटक किया, लेकिन मौका पाकर असली जेवर निकाल लिए और उनकी जगह कागज की पोटली थमा दी। जब महिला को ठगी का एहसास हुआ, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर कुमार केंवट ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को इस घटना में ऑटो चालक की भूमिका पर भी संदेह है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों, विशेषकर बुजुर्गों से अपील की है कि अनजान लोगों की बातों में आकर अपने कीमती सामान या जेवर किसी को न सौंपें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।








