एक्सयूवी कार को टक्कर मारने और अभद्र व्यवहार का आरोप, शिकायत के बाद कार्रवाई की मांग
सूरजपुर। जिले के बिहारपुर में वाहन टकराने की एक घटना ने देखते ही देखते विवाद का रूप ले लिया। तहसीलदार और एक ग्रामीण के बीच हुई कहासुनी के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण बिहारपुर थाने पहुंचे और धरना देकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीण के अनुसार, उसकी एक्सयूवी कार सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान बिहारपुर के तहसीलदार करमचंद जाटवार अपनी ब्रेजा कार से वहां पहुंचे और कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी कार को टक्कर मार दी। आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो तहसीलदार ने अपने पद का प्रभाव दिखाते हुए उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।
घटना के बाद पीड़ित ग्रामीण ने बिहारपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जानकारी फैलते ही स्थानीय ग्रामीण भी थाने पहुंच गए और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।







