20 और 10 रुपये चोरी के आरोप से आहत थी छात्रा, पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
बेंगलुरु। कर्नाटक के बेंगलुरु अर्बन जिले के अनेकल तालुक से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 8वीं कक्षा की छात्रा मधुश्री ने कथित रूप से स्कूल में हुई प्रताड़ना और अपमान से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। छात्रा ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने स्कूल में हुई घटनाओं और शिक्षकों के व्यवहार का जिक्र किया है।

घर में फंदे से लटका मिला छात्रा का शव
जानकारी के अनुसार, मधुश्री अनेकल तालुक के मारासुरु सरकारी हाईस्कूल में कक्षा 8वीं की छात्रा थी। गुरुवार रात वह अपने घर में फंदे से लटकी हुई मिली। शुक्रवार सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

सुसाइड नोट में लगाए प्रताड़ना के आरोप
पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने सुसाइड नोट में आरोप लगाया है कि स्कूल में उस पर 20 रुपये और 10 रुपये चोरी करने का झूठा आरोप लगाया गया था। इस आरोप के बाद शिक्षकों ने उसे डांटा और फटकार लगाई, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई।

छात्रा ने नोट में लिखा कि वह इस अपमान और शर्मिंदगी को सहन नहीं कर पा रही थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि एक शिक्षक ने होमवर्क पूरा नहीं करने पर उसे सजा दी थी और 20 रुपये का जुर्माना भी भरवाया था।

टीसी देने की धमकी से बढ़ा मानसिक दबाव
सुसाइड नोट में छात्रा ने दावा किया कि उसे स्कूल से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) देने की धमकी भी दी गई थी। छात्रा के अनुसार, इन घटनाओं के कारण वह काफी तनाव में आ गई और उसने यह कदम उठा लिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सुसाइड नोट के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि छात्रा की आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या थे और आरोपों की सच्चाई क्या है।








