बड़पारा शराब भट्टी के पास वारदात को दिया था अंजाम, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने लूटपाट के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों ने बड़पारा शराब भट्टी के पास एक युवक से मारपीट कर उसका मोबाइल फोन और नकदी लूट ली थी।
निजी कार्य से रायगढ़ आया था पीड़ित
पुलिस के अनुसार अखोराखुर्द, थाना राजपुर, जिला बलरामपुर निवासी राजेश प्रसाद (34 वर्ष) ने 16 जून 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। राजेश ने बताया कि वह अंबिकापुर निवासी शिव गोयल की चारपहिया वाहन चलाता है और अपने मालिक के निजी कार्य से रायगढ़ आया था।कार्य समाप्त होने के बाद वह रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक होटल में भोजन करने के बाद बड़पारा शराब भट्टी की ओर गया था।
पैसे मांगने पर मना किया तो किया हमला
पीड़ित के मुताबिक, बाथरूम करने के दौरान तीन युवकों ने उसे रोककर पैसों की मांग की। जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने पत्थर से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
मोबाइल और नकदी लूटकर हुए फरार
मारपीट के बाद आरोपियों ने पीड़ित की जेब में रखे 100 रुपये नकद और रेडमी 5जी मोबाइल फोन लूट लिया तथा मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पहले भी लूट के मामलों में हुई थी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी शहर में हुई दो अन्य लूटपाट की घटनाओं में जोगीडीपा रायगढ़ निवासी सन्नी उर्फ प्रकाश कुमार सारथी और शाहिद सारथी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। लगातार कार्रवाई से शहर में लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।








