राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने सिमगा में की औचक छापेमारी, दस्तावेज नहीं मिलने पर वाहन चालक मौके से फरार
बलौदाबाजार। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में शामिल 10 हाइवा वाहनों को जब्त किया।
एसडीएम सिमगा अतुल शेट्टे ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग 6 बजे सिमगा क्षेत्र के जायसवाल फैमिली ढाबा के पास संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान मौके पर संदिग्ध वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG09JT3532, CG09JQ9614, CG09JC8879, CG25A91429, CG25G7400, CG09JT9184, CG25N2896, CG25P9074, CG09J50181 एवं CG09JS6362 में रेत का परिवहन पाया गया। जब टीम द्वारा सभी वाहनों के चालकों से परिवहन पास (रॉयल्टी) प्रस्तुत करने को कहा गया, तो केवल वाहन क्रमांक CG09JS6362 के चालक द्वारा ही आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए गए, जबकि शेष 10 वाहनों के चालकों ने कोई भी वैध कागजात नहीं दिखाए।
अधिकारियों के अनुसार, जांच कार्रवाई के दौरान सभी वाहन चालक अपने-अपने वाहनों की चाबी निकालकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद टीम द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार कर सभी 10 वाहनों को जब्त कर लिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार सख्ती से जारी रहेगा।








