मायके पक्ष ने पति पर हत्या का जताया संदेह
जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के छिरहुट गांव में 23 वर्षीय नवविवाहिता घुरई बाई की मौत के मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। मौत के तीन दिन बाद पुलिस ने मायके पक्ष की शिकायत पर शव को कब्र से बाहर निकलवाया। परिजनों ने पति पर हत्या का संदेह जताते हुए जांच की मांग की थी।
तीन साल पहले हुई थी शादी, एक बच्चा भी है
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के ग्राम कुमा (थाना कापू) निवासी घुरई बाई की शादी तीन साल पहले छिरहुट गांव निवासी दिलीप बैगा से हुई थी। दंपती का डेढ़ वर्ष का एक बच्चा भी है। 16 जून को घुरई बाई की मौत हो गई थी, जिसके बाद ससुराल पक्ष ने बीमारी से मौत बताते हुए अंतिम संस्कार कर दिया था।
चरित्र शंका को लेकर विवाद का आरोप
मायके पक्ष का आरोप है कि पति दिलीप बैगा अक्सर पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, जिससे दोनों के बीच विवाद होता रहता था। इसी आधार पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए श्यांग थाने में शिकायत दर्ज कराई और शव को कब्र से निकालकर जांच की मांग की।
प्रशासन की मौजूदगी में हुई कब्र की खुदाई
शिकायत के बाद शुक्रवार को एसडीओपी, थाना प्रभारी, सीन ऑफ क्राइम टीम और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में गांव पहुंचकर कब्र की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पति ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
मृतका के पति दिलीप बैगा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि पत्नी की मौत बीमारी के कारण हुई थी और उस पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह गलत हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा राज
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों समेत संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








