सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तमनार पुलिस को मिली बड़ी सफलता
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ जिले की तमनार पुलिस को उठाईगिरी के एक बड़े मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने 8 जून को अपेक्स बैंक के बाहर 2 लाख रुपये की डिक्की तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी को जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र से पकड़ा गया।
बैंक से निकासी के बाद हुई थी वारदात
ग्राम गौरबहरी निवासी लोकेश्वर पटेल (60 वर्ष) ने 8 जून 2026 को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने तमनार स्थित अपेक्स बैंक से 2 लाख रुपये निकाले थे और उन्हें मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर तहसील कार्यालय गए थे। लगभग 20 मिनट बाद लौटने पर डिक्की टूटी मिली और उसमें रखे पूरे 2 लाख रुपये गायब थे।इस मामले में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 135/2026, धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।टीम ने बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर ग्राम गाला निवासी विशाल उर्फ हरि नट पर संदेह गया।
सीसीटीवी से हुई पहचान, जेल में बंद निकला एक आरोपी
पुलिस ने ग्राम गाला पहुंचकर सरपंच और स्थानीय लोगों को सीसीटीवी फुटेज दिखाया, जिसमें संदेही की पहचान विशाल उर्फ हरि नट के रूप में की गई। जांच में यह भी सामने आया कि वह आदतन अपराधी है और वर्तमान में एक अन्य चोरी के मामले में जिला जेल बैकुंठपुर में निरुद्ध है।इसके बाद उसके साथी धर्मेन्द्र नट उर्फ धर्मेन्द्र मीणा की तलाश तेज की गई।
जशपुर में सात दिन की निगरानी के बाद गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने लगातार सात दिनों तक जशपुर जिले में कैंप कर आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। अंततः ग्राम झक्कड़पुर में पहचानकर्ताओं द्वारा सीसीटीवी फुटेज की पुष्टि के बाद धर्मेन्द्र नट की पहचान हुई।पुलिस ने खेत क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
पूछताछ में कबूला अपराध, नई बाइक खरीदने का खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी विशाल उर्फ हरि नट के साथ मिलकर बैंक से पैसे निकालने वाले लोगों की रेकी की और मौका देखकर डिक्की तोड़कर 2 लाख रुपये चोरी किए।चोरी की रकम में से मिले हिस्से से उसने एक नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी।
दो बाइक और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई एक अन्य नई बाइक तथा डिक्की तोड़ने में उपयोग किए गए लोहे के औजार बरामद किए हैं।आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
गिरफ्तार आरोपी: धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट
पिता: मोहन लाल मीणा
उम्र: 40 वर्ष
निवासी: ग्राम झक्कड़पुर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़)








