नकली गन दिखाकर डराया, रिश्तेदार आरोपी फरार
कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के कोहड़िया इलाके में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ छेड़छाड़, मारपीट और लूट का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोपी युवक पीड़िता का रिश्तेदार बताया जा रहा है, जो बिलासपुर से कोरबा आया था।
घटना कैसे हुई?
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक पीड़िता के पिता से जमीन के सौदे और पैसे के लेन-देन के संबंध में मिलने पहुंचा था। उसके साथ दो अन्य व्यक्ति भी थे। बातचीत के दौरान आरोपी और पीड़िता के पिता कोहड़िया क्षेत्र के पास सड़क किनारे जंगल में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पीड़िता के पिता को बेरहमी से पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया। पिता की चीख-पुकार सुनकर 12 वर्षीय नाबालिग बेटी मौके पर पहुंची। आरोप है कि आरोपी ने उसे नकली गन दिखाकर डराया और उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब बच्ची ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की।पीड़िता ने बताया कि मारपीट के दौरान आरोपी ने उसके बैग से 30 हजार रुपये छीन लिए। यह रकम उसके पिता की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने दोनों साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी पीड़िता का रिश्तेदार पाया गया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पास्को एक्ट के अलावा लूट, मारपीट और धमकी देने की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस आरोपी और उसके दो साथियों की तलाश में जुटी हुई है। आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।








