रोड़ोपाली में बिना अनुमति मिट्टी और मुरूम की खुदाई का खुलासा, खनिज विभाग ने की सख्त कार्रवाई
Raigarh। रायगढ़। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 19 जून को ग्राम पंचायत रोड़ोपाली, तहसील तमनार में मिट्टी एवं मुरूम के अवैध उत्खनन की शिकायत मिलने पर खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि सड़क निर्माण कार्य के लिए बिना वैध अनुमति के मिट्टी एवं मुरूम का उत्खनन किया जा रहा था। शिकायत सही पाए जाने के बाद विभागीय टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त एसआरसी कंपनी की एक चैन माउंटेड मशीन (मॉडल नंबर ZAXIS-220 LC.5G) को मौके पर ही जब्त कर सील कर दिया।
खनिज विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








