सभी 8 परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा और व्यवस्था का परीक्षण, प्रशासन ने ली तैयारियों की समीक्षा
रायगढ़। रायगढ़। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG 2026) के सफल, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा से एक दिन पूर्व शनिवार को जिले के सभी आठ परीक्षा केंद्रों में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा संचालन से जुड़ी हर व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी संसाधनों तथा अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या तकनीकी समस्या न उत्पन्न हो।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश जांच प्रणाली और अन्य आवश्यक प्रबंधों को अंतिम रूप दे दिया गया है। अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा की पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
प्रशासन ने बताया कि सभी केंद्रों पर तैनात स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं और मॉक ड्रिल के माध्यम से वास्तविक परीक्षा जैसी परिस्थितियों में तैयारी को परखा गया है।इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य परीक्षा को नकल-मुक्त, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराना है।








