आंगन में कपड़े सुखाने गई महिला बनी हादसे का शिकार
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा में कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए लोहे के जीआई तार में करंट आने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सचिन चन्द्राकर अपनी पत्नी रजनी चन्द्राकर के साथ घर पर मौजूद थे। रजनी घर का काम पूरा करने के बाद आंगन में लगे लोहे के तार पर कपड़े सुखाने पहुंची। जैसे ही उन्होंने तार पर कपड़े डालने की कोशिश की, उसमें प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गईं।
पत्नी को बचाने दौड़ा पति, खुद भी करंट की चपेट में आया
पत्नी की चीख-पुकार सुनकर सचिन तुरंत आंगन की ओर दौड़े। उन्होंने रजनी को बचाने के लिए पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना तेज था कि दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही जमीन पर गिर पड़े।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दोनों को तत्काल मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति-पत्नी की एक साथ मौत की खबर से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।
आंधी-तूफान के बाद टूटा था बिजली का तार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक दिन पहले आए तेज आंधी-तूफान के कारण बिजली का सर्विस वायर टूटकर नीचे गिर गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी टूटे हुए तार के संपर्क में आने से कपड़े सुखाने वाले लोहे के जीआई तार में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों से भी जानकारी जुटा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने बिजली लाइनों की नियमित जांच और सुरक्षा उपायों की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।








