विधायक ने विधानसभा में उठाया मामला, विभाग की कार्यशैली पर सवाल
रायपुर (जसेरि)। राजधानी के सिलतरा स्थित आबकारी विभाग के वेयरहाउस को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि यहां नष्टीकरण (डिस्ट्रक्शन) के आदेश वाली शराब की खुले बाजार में अवैध बिक्री की जा रही है। इस गंभीर शिकायत के सामने आने के बावजूद संबंधित वेयरहाउस प्रभारी और कर्मचारियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
तानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम ने इस मुद्दे को पिछले विधानसभा सत्र में ध्यानाकर्षण के माध्यम से उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में संज्ञान लेने के बजाय जिम्मेदारों को संरक्षण दिया गया।
जानकारी के अनुसार, जिस अधिकारी पर वेयरहाउस के संचालन की जिम्मेदारी थी, वे पिछले तीन वर्षों से इस पद पर कार्यरत थीं। शिकायतों के बावजूद उनका स्थानांतरण कर उन्हें अब राज्य उडऩदस्ता (स्टेट फ्लाइंग स्क्वॉड) का प्रभार सौंप दिया गया है, जिसे लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
विपक्ष का आरोप है कि कार्रवाई करने के बजाय संबंधित अधिकारी को “इनाम” के तौर पर और बड़ा जिम्मा दे दिया गया, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
सरकार और विभाग की ओर से इस मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर भी असंतोष जताया जा रहा है।








