सीसीटीवी फुटेज और साइबर ट्रैकिंग से पुलिस को मिली सफलता
चांपा। थाना चांपा क्षेत्र में खड़ी करीब 6 लाख रुपये कीमत की ब्रेजा कार चोरी के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और साइबर तकनीक की मदद से चोरी गई कार भी बरामद कर ली है।
दुकान के बाहर खड़ी कार लेकर फरार हुआ चोर
पुलिस के अनुसार, चांपा निवासी मिर्जा अफजल बेग ने 23 जून को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह कुरदा शराब भट्टी के पास स्थित एक चखना दुकान की देखरेख करते हैं। घटना की रात उन्होंने अपनी ब्रेजा कार (CG 11 BS 5141) दुकान के बाहर पेड़ के नीचे खड़ी की थी और थकान के कारण दुकान के अंदर सो गए थे।
सुबह उठने पर उन्होंने देखा कि सिरहाने रखी कार की चाबी गायब है। बाहर जाकर जांच करने पर कार भी मौके से गायब मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
मामला दर्ज कर शुरू की गई जांच
शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 327/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में कैद हुआ संदिग्ध युवक
जांच के दौरान पुलिस को फुटेज में एक संदिग्ध युवक दुकान के आसपास घूमते और वाहन के पास आते-जाते दिखाई दिया। तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर उसकी पहचान कन्हैया कश्यप (26 वर्ष) निवासी चंडीपारा, पामगढ़ के रूप में की गई।
घर पहुंची पुलिस तो आरोपी मिला फरार
पहचान होने के बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश में उसके घर पहुंची, लेकिन वह वहां से फरार मिला। इसके बाद पुलिस ने लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी जारी रखी, जिसके चलते आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
चोरी की कार बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई ब्रेजा कार बरामद कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज और साइबर ट्रैकिंग की मदद से इस मामले का 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा किया गया।








