अफेयर के शक में 30 साल पुराने रिश्ते पर टूटा कहर, महिला गंभीर, आरोपी पति फरार
बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। यह खौफनाक वारदात 22 जून की देर रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता की पहचान 45 वर्षीय मोंगरा बाई यादव के रूप में हुई है, जो रेलहा गांव की रहने वाली हैं। वहीं आरोपी पति का नाम 48 वर्षीय जनीराम यादव बताया गया है, जो वारदात के बाद से फरार है।
30 साल की शादी, शक ने तोड़ा रिश्ता
बताया जा रहा है कि मोंगरा बाई और जनीराम यादव की शादी को लगभग 30 साल हो चुके थे और उनके चार बच्चे (तीन बेटियां और एक बेटा) हैं। लेकिन पिछले कई वर्षों से पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसे लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद और मारपीट होती रहती थी।परिजनों के अनुसार, घटना की रात भी इसी शक को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद सभी खाना खाकर सो गए थे।
बच्चों को कमरे में बंद कर दिया, फिर दिया वारदात को अंजाम
आरोप है कि रात करीब 2:30 बजे आरोपी पति ने पहले बच्चों के कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी, ताकि कोई बीच-बचाव न कर सके। इसके बाद उसने सो रही पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।आग लगते ही महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।Pachpedi Police Station ने मामला दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।










