तेज मोड़ और अंधेरे के कारण अनियंत्रित हुई कार, नदी में पलटी वाहन
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के पांडातराई मोड़ स्थित हाफ नदी के पास एक बार फिर गंभीर सड़क हादसा सामने आया है। जबलपुर से कोरबा जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सीधे हाफ नदी में जा गिरी और पलट गई। हादसे में कार सवार पति-पत्नी घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बारिश और घने अंधेरे में खो गया रास्ता, चालक ने खोया नियंत्रण
पुलिस के अनुसार पांडातराई मोड़ पर तेज मोड़, घना अंधेरा और लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क की दिशा स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और इनोवा सीधे हाफ नदी में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मूसलाधार बारिश के बीच स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कार में फंसे पति-पत्नी को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पहले भी हो चुके हैं हादसे, ब्लैक स्पॉट बना क्षेत्र
यह वही स्थान है जहां करीब दो महीने पहले भी एक कार हाफ नदी में गिर गई थी, जिसमें पांच युवकों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद इस क्षेत्र को ब्लैक स्पॉट घोषित कर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
लोगों ने प्रशासन से इस मोड़ पर चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और सड़क सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।










