बिना टिकट यात्रा और अनियमितता पर रेलवे की बड़ी कार्रवाई, हजारों रुपये का जुर्माना वसूला गया
रायपुर। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देश पर रायपुर मंडल में रेलवे द्वारा सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई 30 जून 2026 को रायपुर रेलवे स्टेशन और विभिन्न ट्रेनों में किलाबंदी जांच के रूप में की गई।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्म और 18 ट्रेनों में जांच की गई, जिसमें बड़ी संख्या में अनियमित यात्री पकड़े गए।
158 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए
जांच के दौरान 158 यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़े गए, जिनसे कुल 1,48,555 रुपये का राजस्व वसूला गया। इसके अलावा 72 यात्री अनियमित टिकट लेकर यात्रा करते पाए गए, जिनसे 55,635 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
रेलवे ने अधिक सामान (लगेज) लेकर यात्रा करने वाले 12 यात्रियों पर भी कार्रवाई की, जिनसे 1,750 रुपये वसूले गए।
स्टेशन पर गंदगी फैलाने वालों पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान रेलवे परिसर में कचरा फैलाने वाले 3 यात्रियों पर भी कार्रवाई की गई, जिनसे 3,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
रेलवे का सख्त संदेश
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे सघन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। बिना टिकट यात्रा, नियम उल्लंघन और स्टेशन परिसर में अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।










