योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश
रायपुर/बस्तर। छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री Gajendra Yadav ने बुधवार को बस्तर कलेक्टोरेट के प्रेरणा सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और शैक्षणिक गतिविधियों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का बेहतर एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बस्तर के विकास में शिक्षा की अहम भूमिका
बैठक को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि बस्तर के समग्र विकास में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विशेष रूप से अंदरूनी और दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों को पुनर्जीवित करने, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने पर जोर दिया।
उन्होंने विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
प्राथमिक स्तर पर मजबूत हो गणित, हिंदी और अंग्रेजी की नींव
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राथमिक स्तर पर विद्यार्थियों की गणित, हिंदी और अंग्रेजी विषयों में मजबूत आधारशिला तैयार की जाए। इसके लिए कैलेंडरवार, शालावार और विषयवार समय-सारणी के अनुसार नियमित अध्ययन कराया जाए।
उन्होंने विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता का आकलन करने के लिए नियमित रिवीजन टेस्ट आयोजित करने और उनके परिणामों के आधार पर सुधारात्मक कदम उठाने की बात कही।
ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था की हुई समीक्षा
बैठक में आधार बेस ऐप के माध्यम से कार्यालयीन अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति तथा वीएसके ऐप के जरिए शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति की समीक्षा की गई। शिक्षा मंत्री ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
साथ ही नेटवर्क सुविधा से वंचित स्कूलों की सूची कलेक्टर के माध्यम से उपलब्ध कराने को कहा, ताकि वहां आवश्यक तकनीकी सुविधाएं विकसित की जा सकें।
मूल पदस्थापना पर वापसी के निर्देशों की भी समीक्षा
बैठक के दौरान अन्य विभागों में पदस्थ शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी मूल पदस्थापना पर वापस भेजने संबंधी निर्देशों के पालन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने इस संबंध में जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही उपस्थिति
समीक्षा बैठक में Kamalpreet Singh, Rituraj Raghuvanshi, Aakash Chhikara, Prateek Jain, संभागीय संयुक्त संचालक एच.आर. सोम सहित सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी, डीएमसी, बीईओ और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और परिणाममुखी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।










