अब तक 15 आरोपियों की गिरफ्तारी, 3.22 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने इस मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नई गिरफ्तारी के बाद अब तक इस प्रकरण में कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले कई महीनों से सुनियोजित तरीके से बीएसपी से फ्लू डस्ट के परिवहन के दौरान लौह स्क्रैप की चोरी कर रहे थे। चोरी किए गए स्क्रैप को अवैध रूप से संग्रहित कर उसे बेचकर आर्थिक लाभ कमाया जा रहा था।

जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के कब्जे से करीब 90 लाख रुपये मूल्य का लौह स्क्रैप बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन और मशीनरी भी जब्त की गई है। जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये बताया गया है।

दुर्ग पुलिस का कहना है कि इस संगठित गिरोह के नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की भी तलाश जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे भी गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाले संगठित अपराधों पर लगातार नजर रखी जा रही है और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।









