कई घंटे तक कक्षा में कैद रही मासूम, रात 8 बजे रोने की आवाज सुनकर खोला गया ताला
कुरूद। छत्तीसगढ़ के कुरूद क्षेत्र में पीएमश्री प्राथमिक शाला कठौली में शिक्षकों की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। स्कूल की छुट्टी के बाद भवन में ताला लगा दिया गया, लेकिन कक्षा पहली में पढ़ने वाली एक मासूम छात्रा अंदर ही बंद रह गई।

जानकारी के अनुसार, छुट्टी के बाद सभी बच्चे अपने घर चले गए, लेकिन किसी तरह छात्रा कक्षा के अंदर ही रह गई। शिक्षकों ने बिना जांच किए स्कूल में ताला लगा दिया, जिसके बाद बच्ची कई घंटे तक कमरे में बंद रही।

बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे आसपास के ग्रामीणों को स्कूल परिसर से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और स्कूल का ताला तोड़कर मासूम को सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, मामले की जानकारी शिक्षा विभाग तक पहुंचने के बाद जांच की बात कही जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही बच्चों की सुरक्षा के साथ बड़ा खिलवाड़ है।









