मिलने के बहाने घर बुलाने का आरोप, चाकू और पत्थर से हमला कर कुएं में फेंकने की शिकायत
जगदलपुर/बीजापुर। बीजापुर जिले के मिरतुर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हमले के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने युवक की प्रेमिका और उसके साथियों पर सुनियोजित तरीके से हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, मृतक दिलीप और संबंधित युवती दोनों बीजापुर नगर पालिका में कार्यरत थे। दोनों के बीच पिछले करीब एक वर्ष से परिचय और संबंध थे। मृतक के बड़े भाई दुर्गेश कडियम का आरोप है कि बाद में दिलीप को पता चला कि युवती पहले से विवाहित है, लेकिन इसके बावजूद वह उससे संबंध बनाए रखना चाहता था।

आरोप है कि 5 जुलाई को युवती ने दिलीप को बीजापुर के शांतिनगर स्थित अपने घर मिलने बुलाया। वहां पहले से कुछ अन्य लोग मौजूद थे। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद युवती और उसके साथियों ने कथित तौर पर दिलीप पर पत्थर और चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे पास के एक कुएं में फेंक दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और स्थानीय लोगों ने दिलीप को कुएं से बाहर निकालकर बीजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर मेडिकल कॉलेज (मेकाज) रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









