स्थानीय युवक मोहन दादा और डायल 112 की तत्परता से टला बड़ा हादसा
बलरामपुर। जिले के रामानुजगंज नगर स्थित एनीकट में रविवार सुबह एक युवक डूबने से बाल-बाल बच गया। स्थानीय युवक मोहन दादा की बहादुरी और डायल 112 की त्वरित कार्रवाई से समय रहते युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, झारखंड के भंडारिया निवासी मनोहर सुबह करीब 8 बजे एनीकट के पास व्यायाम कर रहा था। इसके बाद वह नहाने के लिए पानी में उतरा, लेकिन एनीकट में पानी का तेज बहाव और अधिक गहराई होने के कारण वह डूबने लगा। युवक को संघर्ष करते देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। करीब पांच मिनट के भीतर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। इसी दौरान स्थानीय युवक मोहन दादा ने बिना अपनी जान की परवाह किए पानी में छलांग लगाई और डूब रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बाहर निकालने के बाद युवक की हालत सामान्य नहीं थी। स्थानीय लोगों ने उसे एनीकट के किनारे लिटाकर प्राथमिक उपचार दिया, जिससे उसकी तबीयत में सुधार हुआ। समय पर मिली मदद के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मोहन दादा के साहस और डायल 112 की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ और तत्परता से एक युवक की जान बचाई जा सकी।









