पुलिस और परिवहन विभाग का संयुक्त अभियान, स्कूल बसों में सुरक्षा व्यवस्था की हुई बारीकी से जांच+

केसीजी। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केसीजी जिले में पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त जांच अभियान चलाया। खैरागढ़ स्थित राजा फतेह सिंह मैदान में आयोजित अभियान के दौरान कुल 21 स्कूल बसों और वैन का भौतिक निरीक्षण किया गया। जांच में कुछ वाहनों में सुरक्षा मानकों से जुड़ी कमियां मिलने पर संबंधित संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

अभियान जिला पुलिस के समन्वय से अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजनांदगांव अनिल भगत के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी स्कूल वाहन सुरक्षा गाइडलाइन और यातायात नियमों के पालन की स्थिति का भी परीक्षण किया गया।

इन सुरक्षा मानकों की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वाहनों के प्रदूषण प्रमाण पत्र (पीयूसी), फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, पैनिक बटन, स्पीड गवर्नर, आपातकालीन निकास द्वार सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की बारीकी से जांच की। साथ ही बच्चों की सुरक्षित यात्रा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं का भी परीक्षण किया गया।

नियमों के पालन के दिए निर्देश
अधिकारियों ने वाहन संचालकों और स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। जिन वाहनों में कमियां पाई गईं, उन्हें जल्द से जल्द दूर करने के लिए कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे।









