गंभीर चोटों और फ्रैक्चर के बाद परिजनों ने जताई अपराध की आशंका, कलेक्टर जनदर्शन में लगाई गुहार
मुंगेली। मुंगेली जिले में रेलवे ट्रैक के किनारे खून से लथपथ और बेसुध हालत में मिली करीब 30 वर्षीय युवती रागिनी कश्यप की पहचान हो गई है। हालांकि, उसके साथ आखिर क्या हुआ, यह अब भी रहस्य बना हुआ है। युवती के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं और उसके हाथ-पैर में फ्रैक्चर भी है।

गंभीर हालत में मिली थी युवती
कुछ दिन पहले रागिनी रेलवे ट्रैक के किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थी। उसके शरीर पर कई जगह चोटों के निशान थे और इलाज के दौरान कई स्थानों पर टांके लगाए गए हैं। घटना की परिस्थितियों को लेकर परिजनों ने गंभीर आशंका जताई है।

परिजनों ने जताई गंभीर अपराध की आशंका
परिजनों का कहना है कि रागिनी के साथ कोई गंभीर अपराध हुआ हो सकता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। युवती की हालत और शरीर पर मिले चोटों के निशान ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचा परिवार
घायल रागिनी को लेकर उसके परिजन मुंगेली कलेक्टर के जनदर्शन में पहुंचे और अपनी फरियाद रखी। इस दौरान परिवार की पीड़ा और चिंता साफ नजर आई। परिजनों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने और युवती को न्याय दिलाने की मांग की।

जांच के बाद सामने आएगा सच
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। युवती के साथ घटना कैसे हुई और वह रेलवे ट्रैक के किनारे घायल अवस्था में कैसे पहुंची, इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेंगे।









