रतनपुर-कोटा मार्ग पर बाइक गिराकर वारदात को देते थे अंजाम, पुलिस ने किया खुलासा
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर-कोटा मार्ग पर राहगीरों को रोककर लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 6,300 रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आदतन बदमाश प्रवृत्ति के हैं और पहले भी लूट की घटनाओं में शामिल रह चुके हैं। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है।

बाइक को लात मारकर गिराया
पुलिस के मुताबिक, 14 जुलाई 2026 को भेड़ीमुड़ा रतनपुर निवासी भारत कुमार सूर्यवंशी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने मामा के गांव नेवरा, कोटा से रात करीब 1:30 बजे बाइक से घर लौट रहे थे।

इसी दौरान रतनपुर-कोटा मार्ग पर भैंसाझार मोड़ के पास दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उनकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया।

चार आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 6,300 रुपये और घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।









