पुलिस और एसटीएफ भुवनेश्वर की संयुक्त कार्रवाई, अब तक 9 गिरफ्तार; 3139.570 किलो गांजा जब्त
बलरामपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बलरामपुर पुलिस और एसटीएफ भुवनेश्वर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। संयुक्त टीम ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

पुलिस के अनुसार, अब तक कुल 3139.570 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह तस्करी नेटवर्क ओडिशा से राजस्थान समेत अन्य राज्यों तक फैला हुआ था।

ओडिशा के चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जिन चार नए आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें दुर्वाशा साहु (46), सुबुधी साहु (40), अरुण कुमार राना (34) और प्रकाश खटुआ (35) शामिल हैं। सभी आरोपी ओडिशा के बौध जिले के कंटामाल थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

इससे पहले पुलिस लोकेश शर्मा, आमिष अंसारी और नीलाम्बर कंहार समेत पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

दो बड़े NDPS मामलों की जांच से खुला नेटवर्क
पूरी कार्रवाई थाना बसंतपुर में दर्ज दो अलग-अलग NDPS मामलों की जांच के दौरान सामने आई। पहले मामले में 29 दिसंबर 2025 को एक टाटा ट्रक से 1198.460 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। तस्करों ने गांजे को छिपाने के लिए ट्रक में नारियल की भूसी का इस्तेमाल किया था। यह खेप ओडिशा से राजस्थान ले जाई जा रही थी।
वहीं, दूसरे मामले में 11 जून को ट्रक क्रमांक RJ-14 GU-9078 से 1941.110 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। दोनों मामलों में NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर पुलिस को तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी मिली।
सोनपुर से ट्रकों तक पहुंचता था गांजा
पुलिस जांच में सामने आया कि गांजा तस्करी के लिए एक सुनियोजित नेटवर्क काम कर रहा था। ओडिशा के सोनपुर स्थित लोपा ढाबा के पास पिकअप वाहनों के जरिए गांजा पहुंचाया जाता था। इसके बाद इसे बड़े ट्रकों में लोड कर दूसरे राज्यों में भेजा जाता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजे को छिपाकर और अलग-अलग तरीकों से परिवहन करते थे, ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चारों नए आरोपियों की भूमिका सामने आई है।
तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी
बलरामपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में आगे भी जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, आर्थिक लेनदेन तथा परिवहन व्यवस्था की भी जांच की जा रही है।
पुलिस और एसटीएफ की इस संयुक्त कार्रवाई को अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। हजारों किलो गांजा जब्ती और नौ आरोपियों की गिरफ्तारी से तस्करी गिरोह को बड़ा झटका लगा है।








