शुरुआती जांच में हादसा माना गया था मामला, शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर BNS की धारा 109(1) के तहत कार्रवाई
बिलासपुर। शहर के क्रांतिनगर क्षेत्र में रामा ग्रुप के संचालक के बंगले में तेज रफ्तार कार घुसाने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी बैंक मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में घटना को सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन शिकायतकर्ता के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

कार और मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार और आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

देहरादून का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष तिवारी (45), पिता घनश्याम तिवारी, निवासी बद्रीपुर रोड, नेहरूग्राम, आंशिक धर्मपुर, जिला देहरादून, उत्तराखंड के रूप में हुई है। आरोपी बिलासपुर स्थित एक निजी बैंक में क्लस्टर मैनेजर के पद पर कार्यरत है।

डेढ़ साल से क्रांतिनगर में रह रहा था
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब डेढ़ वर्ष से बिलासपुर के क्रांतिनगर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस अब मामले में घटना के पीछे की पूरी वजह और आरोपी की मंशा की जांच कर रही है।









