पिता की मौत के बाद मां ही थी सहारा, मजदूरी से लौटने पर घर का दरवाजा नहीं खुला
धमतरी। जिले में आत्महत्या की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिसने चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला रुद्री थाना क्षेत्र का है, जहां कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले 14 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान तीरथ कुमार ध्रुव के रूप में हुई है।

मां मजदूरी के लिए गई थी बाहर
बताया जा रहा है कि तीरथ के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। उसकी मां मजदूरी करने के लिए बाहर गई हुई थी। जब वह वापस घर लौटी तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो मां ने किसी तरह दरवाजा तोड़ा।

फंदे पर लटका मिला छात्र का शव
घर के अंदर का दृश्य देखकर मां के होश उड़ गए। तीरथ का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

फिलहाल छात्र ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।







