13 छात्रों के सरकारी मेडिकल कॉलेज में MBBS प्रवेश की प्रबल संभावना, ग्रामीण और आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों ने रचा इतिहास
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर शिक्षा के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल की है। जिला प्रशासन द्वारा संचालित निःशुल्क ‘क्षितिज’ JEE-NEET कोचिंग सेंटर के 32 विद्यार्थियों ने NEET-UG 2026 की क्वालिफाइंग कटऑफ पार कर जिले का नाम रोशन किया है।

इनमें से 13 विद्यार्थियों के शासकीय मेडिकल कॉलेजों में MBBS में प्रवेश लेने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। विद्यार्थियों की इस सफलता से उनके परिवारों और पूरे जिले में खुशी का माहौल है।

निःशुल्क कोचिंग ने पूरा किया डॉक्टर बनने का सपना
सुकमा के आदिवासी और ग्रामीण परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी करना आसान नहीं था। ऐसे में जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘क्षितिज’ कोचिंग सेंटर इन छात्रों के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आया।

कोचिंग सेंटर में विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क शिक्षा, नियमित मार्गदर्शन और NEET परीक्षा की बेहतर तैयारी का अवसर मिला।
मेहनत और मार्गदर्शन से मिली सफलता
विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम और शिक्षकों के मार्गदर्शन के साथ NEET-UG जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल की। दूरस्थ क्षेत्रों के इन छात्रों की उपलब्धि यह साबित करती है कि बेहतर अवसर और उचित मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।
मंत्री केदार कश्यप ने दी बधाई
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
‘क्षितिज’ कोचिंग सेंटर की इस सफलता को सुकमा जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।








