सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की घटना, परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने के मामले में पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। घटना में गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है, लेकिन वारदात के कई दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है।

चार युवकों पर दोस्त को जलाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, घटना सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में सुयश अस्पताल के पीछे की बताई जा रही है। आरोप है कि बीते सप्ताह चार युवकों ने मिलकर अपने ही दोस्त के साथ विवाद किया।

विवाद के बाद आरोपियों ने युवक और उसकी गाड़ी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया था। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई।

मौत के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से नाराजगी
युवक की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।
परिजनों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस की ओर से मामले की जांच जारी होने की बात कही जा रही है।








