मंदरौद के पास आराम करने के लिए रुका था युवक, वारदात के बाद कार से फरार हुए आरोपी
धमतरी। जिले में लूट की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कुरूद थाना क्षेत्र का है, जहां कार सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक के साथ मारपीट कर नगदी, मोबाइल फोन और स्कूटी लूट ली। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

आराम करने के लिए रुका था युवक
जानकारी के मुताबिक, कुरूद थाना क्षेत्र के मंदरौद के पास एक युवक स्कूटी से जा रहा था। रास्ते में वह कुछ देर आराम करने के लिए रुक गया। इसी दौरान कार सवार तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।

9 हजार रुपये, मोबाइल और स्कूटी लूटी
मारपीट करने के बाद आरोपियों ने युवक से करीब 9 हजार रुपये नगद, मोबाइल फोन और उसकी स्कूटी लूट ली। लूटी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।
पुलिस ने घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।








