आरक्षित टिकट, रिजर्वेशन फॉर्म और मोबाइल से मिले अहम सबूत, अतिरिक्त कमीशन लेकर बनाता था टिकट
दुर्ग। रेलवे टिकट दलाली के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) दुर्ग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित टिकट दलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दो रेलवे आरक्षित काउंटर टिकट, रिजर्वेशन फॉर्म और मोबाइल फोन से टिकट बुकिंग से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई
महा निरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ बिलासपुर और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रायपुर के निर्देश पर टिकट दलाली के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आरपीएफ थाना प्रभारी दुर्ग संजीव कुमार सिन्हा के निर्देशन में सहायक उपनिरीक्षक डी.के. सिंह और उनकी टीम रिजर्वेशन काउंटरों पर लगातार निगरानी रख रही थी।

मोबाइल की जांच में खुला राज
चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्ति के पास से दो आरक्षित काउंटर टिकट और एक रिजर्वेशन फॉर्म मिला। मोबाइल फोन की जांच करने पर व्हाट्सएप चैट में ग्राहकों के टिकट बनाने से संबंधित जानकारी और काउंटर टिकटों की छाया प्रतियां भी मिलीं।

अतिरिक्त कमीशन लेकर बनाता था टिकट
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह जरूरतमंद यात्रियों के लिए अलग-अलग रेलवे काउंटरों से सामान्य और तत्काल टिकट बनवाता था तथा इसके बदले अतिरिक्त कमीशन वसूलता था। आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
टिकट दलाली पर जारी रहेगा अभियान
आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि रेलवे टिकटों की कालाबाजारी और दलाली पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत माध्यमों से ही टिकट बुक करें और किसी भी दलाल के संपर्क में न आएं।







